14 को देश भर में प्रदर्शन, किसान करेंगे जियो सिम-अंबानी-अडानी-बीजेपी का बहिष्कार


किसानों ने अपना रुख बेहद कड़ा कर लिया है। उनकी एकता को तोड़ने की तमाम सरकारी कोशिशें अब तक बेकार साबित हुई हैं। किसानों का कहना है कि यह करो या मरो की स्थिति है। लोगों को समझना चाहिए कि यह केवल किसानों की लड़ाई नहीं है। सरकार खेती पर कॉरपोरेट कब्जा कराने के फेर में है जिससे गरीब आदमी को राशन मिलना मुश्किल हो जायेगा। राशन वितरण की पूरी सरकारी व्यवस्था भी तबाह हो जायेगी। 


मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


दिल्ली घेर कर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा ने कृषि कानूनों में संशोधन के केंद्र सरकार का प्रस्ताव ही खारिज नहीं किया देश भर में अंबानी-अडानी और बीजेपी के नेताओं और मंत्रियों के बहिष्कार का ऐलान भी कर दिया है। मुकेश अंबानी के जियो सिम का भी बहिष्कार किया जायेगा।

केंद्र सरकार का प्रस्ताव मिलने के बाद आज शाम दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर  किसान संगठनों की पंजाब के किसान नेता जंगवीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में तय किया गया कि 14 दिसंबर को पूरे देश में धरना-प्रदर्शन किया जायेगा। बीजेपी के दफ्तरों और नेताओं का घेराव किया जायेगा। बीजेपी सरकार के मंत्रियों का भी घेराव होगा। दिल्ली के सभी रास्तों को बंद कर दिया जायेगा। देश के हर ज़िला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा और आसपास के राज्यों से किसान दिल्ली कूच करेंगे।

इससे पहले इसके अलावा 12 दिसंबर को पूरे देश में टोल प्लाज़ा फ्री कर दिया जायेगा यानी किसान कोई टोल नहीं देंगे और इस तारीख़ तक जयपुर-दिल्ली हाईवे को बंद कर दिया जायेगा। यह पहले भी बंद किया जा सकता है। बीजेपी के दफ्तरों और नेताओं का पूरे देश में 14 दिसंबर को घेराव किया जायेगा।

किसानों ने इसी के साथ कॉरपोरेट कंपनियों के ख़िलाफ़ अपना रुख और कड़ा कर लिया है। कहा गया है कि किसान जियो सिम का बहिष्कार करेंगे। इसके अलावा अंबानी और अडानी के माल्स से लेकर हर तरह के उत्पादों का बहिष्कार होगा।

साफ़ है कि किसानों ने अपना रुख बेहद कड़ा कर लिया है। उनकी एकता को तोड़ने की तमाम सरकारी कोशिशें अब तक बेकार साबित हुई हैं। किसानों का कहना है कि यह करो या मरो की स्थिति है। लोगों को समझना चाहिए कि यह केवल किसानों की लड़ाई नहीं है। सरकार खेती पर कॉरपोरेट कब्जा कराने के फेर में है जिससे गरीब आदमी को राशन मिलना मुश्किल हो जायेगा। राशन वितरण की पूरी सरकारी व्यवस्था भी तबाह हो जायेगी।