लखनऊ- मुलायम सिंह यादव की सेहत फिर बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
अभी-अभी Published On :


उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के संस्थापक-संरक्षक मुलायम सिंह यादव को 36 घंटे के अंदर ही फिर से सेहत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनको लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उनको शनिवार को अस्पताल से लौटने बाद, रविवार रात में फिर से पेट दर्द की शिकायत हुई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

इसके पहले, बुधवार को शाम को पेट में सूजन और दर्द कि शिकायत पर मुलायम सिंह यादव को लखनऊ में शहीद पथ पर स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। दो दिन उनका इलाज चला और फिर उनकी सेहत में सुधार दिखाई देने पर उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस बारे में शनिवार को अस्पताल द्वारा बताया गया था कि पूर्व सीएम का पेट फूलने और कई दिन से मोशन न होने की जांच की गई तो पता चला कि उनकी बड़ी आंत में दिक्कत है। इसके बाद उनकी कोलोनोस्कोपी की गई और बड़ी आंत की सफाई की गई थी।

अस्पताल के गेस्ट्रोइंट्रोलॉजिस्ट डॉ अभय वर्मा और गेस्ट्रो सर्जन डॉ. आनंद प्रकाश की देखरेख में उनकी चिकित्सा हो रही थी और उनकी सेहत में सुधार के कारण शनिवार को ही सुबह 11.30 बजे उनको अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। लेकिन रविवार की रात उनकी तबीयत फिर बिगड़ी है और उनको तत्काल ही लखनऊ में ही फिर से भर्ती करवाना पड़ा है।