पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत बिगड़ी, एम्स में भर्ती

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
अभी-अभी Published On :


देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को रविवार की रात, तबीयत बिगड़ने के बाद, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। पूर्व पीएम को रविवार की देर शाम, सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उनको रात 8.45 के आसपास एम्स में भर्ती कराया गया है।  डॉ. मनमोहन सिंह को AIIMS के कार्डियो थोरासिक वॉर्ड में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। 87 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज कार्डियोलॉजी प्रोफेसर डॉ. नीतीश नायक की देखरेख में हो रहा है। उनके मुताबिक डॉ. सिंह अभी निगरानी में हैं।

सूत्रों के मुताबिक फिलहाल डॉ. मनमोहन सिंह की सेहत स्थिर है, हालांकि इस पर अधिक जानकारी सुबह ही मिल सकेगी। डॉ. मनमोहन सिंह की 2009 में बाईपास सर्जरी की गई थी। 2004 से 2014 तक, 10 साल तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह, फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। उनको हाल में ही कांग्रेस द्वारा बनाए गए, कोविड19 सलाहकार समूह का अध्यक्ष बनाया है। ये समूह ही कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मंत्रणा और रिपोर्ट लेने का काम करता है और साथ ही केंद्र सरकार के काम की भी मॉनीटरिंग कर रहा है।

डॉ. सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की ख़बर आते ही कांग्रेस समेत तमाम विपक्ष के नेताओं ने उनकी सेहत के लिए शुभकामनाओं के ट्वीट करने शुरु कर दिए हैं।

इस ख़बर पर अपडेट के लिए देखते रहें मीडिया विजिल

हमारी ख़बरें Telegram पर पाने के लिए हमारी ब्रॉडकास्ट सूची में, नीचे दिए गए लिंक के ज़रिए आप शामिल हो सकते हैं। ये एक आसान तरीका है, जिससे आप लगातार अपने मोबाइल पर हमारी ख़बरें पा सकते हैं।  

इस लिंक पर क्लिक करें