इरफ़ान के बाद अब ऋषि कपूर हार गए, ज़िंदगी की जंग..

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


देश अभी इरफ़ान खान की मृत्यु की ख़बर से उबर ही रहा कि एक और दुःखद ख़बर आ गयी है। महान अभिनेता ऋषि कपूर का 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बुधवार देर रात उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ के चलते मुम्बई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज यह ख़बर तब बाहर आयी अमिताभ बच्चन ने निधन को लेकर ट्वीट किया। ऋषि कपूर ल्यूकेमिया नामक कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और पिछले साल ही 11 महीने तक चले उपचार के बाद अमेरिका से लौटे थे। 

इरफ़ान और ऋषि कपूर, फिल्म डी डे में

परिवार की ओर से जारी संदेश में बताया गया है कि सुबह 8.45 पर ऋषि कपूर ने अपनी अंतिम सांस ली। इंडस्ट्री के ‘चिंटू जी’ के निधन की ख़बर से पूरे देश में लोग स्तब्ध हैं और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। 

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी स्कूल में सीनियर रहे ऋषि के निधन पर दुख ज़ाहिर किया है।

ऋषि कपूर ने पिछले एक दशक में अपने अभिनय को नयी दिशा दी थी, और उन्हें बेहद सराहा जा रहा था। अग्निपथ, डी-डे, औरंगजेब, शुद्ध देसी रोमांस, दो दूनी चार और मुल्क जैसी फ़िल्मों में उनके अभिनय को देखते हुए इन्हें उनके अभिनय कैरियर की दूसरी पारी कहा जा रहा था। 

पहले इरफ़ान और अब ऋषि कपूर के रूप में कला प्रेमियों ने 24 घंटे के भीतर दो महान अदाकारों को खोया है। इन दोनों के जाने से फ़िल्म जगत गरीब हुआ है, और इनकी कमी लंबे वक़्त तक सालती रहेगी।