उत्तराखंड के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
समाज Published On :


उत्तराखंड कांग्रेस में बगावती तेवर देखने को मिल रहे हैं। टिकट बटवारे के बाद असंतोष के परिणाम भी सामने आने लगे हैं। उत्तराखंड के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वह आज भाजपा का दामन थाम सकते हैं। भाजपा से उनकी नजदीकियों की खबरों के बीच पार्टी ने उन्हे सभी पदों से पिछले दिनों हटा दिया था।

कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद गढ़वाल से कुमाऊं तक विभिन्न सीटों पर कार्यकर्ताओं में उबाल है। इसके बाद देर रात सूची में कई बदलाव भी किए गए। लेकिन पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को लैंसडाउन से टिकट दिए जाने से नाराज कुछ कार्यकर्ताओं ने कल दोपहर कांग्रेस भवन में प्रदर्शन किया।

वहीं देर रात ऋषिकेश से बड़ी संख्या में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ओल्ड मसूरी रोड स्थित आवास पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।

बीजेपी कांग्रेस दोनों को मुश्किलें

देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे दावेदार काफी नाखुश हैं। उनकी बगावत को थामने में भाजपा और कांग्रेस के पसीने छूट रहे हैं। कई दावेदार निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं।