किसान आंदोलन में शामिल महिला प्रदर्शनकारियों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत 2 गंभीर रूप से घायल!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
आंदोलन Published On :


तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर किसान आंदोलन में जुटे हुए हैं। वहीं, हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक ट्रक ने आंदोलन से जुड़ी पंजाब निवासी तीन महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया। कुचले जाने से तीनों बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की बताई जा रही हैं।

महिलाएं डिवाइडर पर बैठी थीं..

 गुरुवार सुबह करीब 6.15 बजे कुछ महिलाएं और पुरुष स्थानीय रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इंतज़ार कर रहे थे। यह महिलाएं किसान आंदोलन से हिस्सा लेकर अपने घर पंजाब लौट रही थीं। बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर पर बैठी थीं तभी उनके ऊपर एक तेज़ रफ्तार ट्रक आकर चढ़ गई, जिससे 3 की मौत हो गई। इस हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल भी हुई है। एक के तो पैर की हड्डी टूट गई है। घटना के बाद मौके पर जांच के लिए झज्जर के एसपी वसीम अकरम पहुंचे और किसानों से मामले को लेकर बात की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

लखीमपुर में भी किसानों को कुचला गया था..

गौरतलब है कि इससे पहले 3 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी के तिकुनियां में भी इसी तरह कि घटना देखने को मिली थी। एक चार पहिया गाड़ी किसानों को रौंदते हुए निकल गई थी। यह गाड़ी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की थी। इस घटना में 8 लोगों की मौत हुई थी। किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप आशीष मिश्रा पर है। फिलहाल आशीष जेल में है।