14 नवंबर से कांग्रेस का हल्लाबोल: महंगाई के मुद्दे पर देशव्यापी जनजागरण अभियान का ऐलान!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस पार्टी द्वारा संसद के शीतकालीन सत्र से पहले महंगाई के मुद्दे पर देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। महंगाई की वजह से करोड़ों लोग गरीबी रेखा से नीचे पहुंच गए हैं। जनता की परेशानी के मद्देनज़र पार्टी यह अभियान शुरू कर लोगों को महंगाई के मुद्दे से अवगत कराएगी। यह अभियान पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर से शुरू होगा और पंद्रह दिन तक चलेगा। इस अभियान के ज़रिए पार्टी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और उन्हें इससे जोड़ने की कोशिश करेगी।

पार्टी कार्यकर्ता प्रभात फेरी, पदयात्रा और लोगों से संवाद करेंगे..

बता दें कि पार्टी के संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए सरकार की नीतियों को जनता विरोधी बताया उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गरीब विरोधी नीतियों की वजह से 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए हैं। जनता परेशान है। इसलिए पार्ट ने लोगों में जागरूकता फैलने के लिए अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता प्रभात फेरी, पदयात्रा और लोगों से संवाद करेंगे। पंद्रह दिन तक चलने वाले इस अभियान के कार्यक्रम को कांग्रेस कार्यसमिति की पिछली बैठक में मंजूरी दी गई थी।

……पार्टी की सदस्यता लेने का विकल्प

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस संबंध में सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान में शामिल होने वाले लोगों के पास पार्टी की सदस्यता लेने का विकल्प भी होगा। वहीं, पार्टी टोल फ्री नंबर जारी करेगी। जिससे कोई भी व्यक्ति इस पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीकरण करा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को अपना बजट संभालना मुश्किल हो रहा है। इसलिए, हमने मंहगाई के विषय को उठाया है। इसके साथ ही अन्य विषयों को भी लिया जाएगा।

पार्टी का प्रयास, आम लोगों को शामिल किया जाए..

दिग्विजय सिंह बताया कि पार्टी का प्रयास है, इस जनजागरण अभियान में अधिक से अधिक आम लोगों को शामिल किया जाए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सभी नेताओं को प्रचार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम सात दिनों की पदयात्रा जरूर करनी है।

अभियान के लिए राज्य स्तरीय नेताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण..

इसके साथ ही पार्टी ट्रेनिंग पर भी खास ध्यान दे रही है। जन जागरण अभियान के लिए भी 14 नवंबर को वर्धा (महाराष्ट्र) में राज्य स्तरीय नेताओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र से दस-दस व्यक्तियों और विभिन्न क्षेत्रों के बीस व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। 14 नवंबर से शुरू पंद्रह दिवसीय इस अभियान के लिए पार्टी मुख्यालय और सभी राज्य कांग्रेस कार्यालयों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से जनजागरण अभियान की निगरानी की जाएगी।