मोदी जी बिना FIR के मैं हिरासत में हूं, किसानों को कुचलने वाले की गिरफ्तारी कब- प्रियंका

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
प्रदेश Published On :


लखीमपुर हिंसा के बाद मृत्य किसानों के परिजनों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस ने रास्ते से ही हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस हिरासत में 30 घंटे से अधिक समय हो गया हैं। पुलिस ने उन्हें पिछले 30 घंटों से पीएसी की सेकेंड वाहिनी में रखा है। तब से अब तक प्रियंका गांधी की रिहाई को लेकर कांग्रेस समर्थकों का सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं, प्रियंका गांधी ने खुद ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया है।

प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा- @narendramodi जी आपकी सरकार ने बगैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों?

‘जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं’:राहुल गांधी

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सरकार पर तंज कसते हुए प्रियंका को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी सत्याग्रह रुकेगा नहीं।

हिरासत में प्रियंका के कमरे के बाहर ड्रोन कैमरा..

आपको बता दें कि जिस कमरे में प्रियंका गांधी को रखा गया है वहां बाहर ड्रोन कैमरा नज़र आया है। जिसपर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 30 घंटे से अधिक हिरासत में रखी गई प्रियंका गांधी के कमरे के ऊपर यूपी पुलिस का ड्रोन कैमरा है। हालांकि, यूपी पुलिस का कहना है कि हमें भी पता नहीं कि ये ड्रोन किसका है?

यहां खड़े अधिकारी और पुलिस कह रहे हैं कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसपर कांग्रेसियों ने तंज कसा और कहा कि डरी हुई भाजपा सरकार का काम देखिए। प्रियंका गांधी को जिस कमरे में हिरासत में रखा गया है, उसके बाहर ड्रोन कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है। भाजपा सरकार का किसानों की आवाज़ को कुचलने की कोशिश जारी है।

डीएम और एसपी को राजधानी से आया था फरमान…

उल्लेखनीय है कि लखनऊ से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार रात सीतापुर होते हुए लखीमपुर के लिए रवाना हुई थीं। प्रियंका गांधी के लखनऊ से जाने के बाद जिले के डीएम और एसपी को राजधानी से फरमान सुनाया गया कि कांग्रेस महासचिव को किसी भी कीमत पर लखीमपुर नहीं जाने दिया जाए। राजधानी से फरमान आते ही डीएम-एसपी अलर्ट मोड पर आ गए। अटरिया से लेकर लहरपुर तक हर कदम पर पुलिस का पहरा था। मामले की नज़ाकत और पुलिस के पहरे को देखते हुए प्रियंका गांधी ने रास्ता ही बदल दिया। लेकिन पुलिस को इस बात की सूचना मिल गई और रास्ते से ही प्रियंका को हिरासत में ले लिया गया।

‘हम संवेदना प्रकट करने जा रहे हैं, इससे तनाव नही हो सकता।’: प्रियंका

सरकार विपक्षी दलों को लखीमपुर जाने से रोक रही है उनका कहना है की इससे वहां राजनीतिक तनाव बनेगा। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को प्रियंका ने NDTV से बात चीत में कहा की राजनीतिक तनाव हमारे वहां जाने से नही बनेगा, बल्कि तनाव वहां इस लिए बना क्योंकि किसी ने वहां अपनी गाड़ी से किसानों को कुचला है, किसी ने मारा है लोगो को, उनकी हत्या की गई है। हमारे जाने से तनाव नही होगा हम संवेदना प्रकट करने जा रहे हैं। हम उनके साथ समन्वय प्रकट करने जा रहे है इससे तनाव नही हो सकता।

 


Related