अमेठी में बरसीं प्रियंका, कहा- BJP आपकी समस्या नहीं हल करेगी, हमें मौका दीजिए….जागरूक बनिए!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को कांग्रेस के गढ़ अमेठी में मंहगाई के ख़िलाफ़ भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ प्रतिज्ञा पदयात्रा के दौरान हारीमऊ की जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला किया किसानों का मुद्दा हो, खाद का मुद्दा हो,महंगाई का या कोरोना में लोगों की मदद न करते के से मुद्दे को लेकर प्रियंका बीजेपी पर बरसीं।

यह पारिवारिक रिश्ता है, राजनीतिक नहीं, जज़्बात का रिश्ता है: प्रियांका गांधी

प्रियंका ने कहा, “मैं 13 साल की था जब हम यहां अपने पिता के साथ एक गांव में रहते थे। पिता जी की जीप पर बैठकर गाँव-गाँव जाया करते थे, आपकी समस्याएँ समझते थे। मैं कुछ ही दिनों में 50 साल की होने वाली हूं। आपसे बहुत पुराना रिश्ता है। आपने निभाया, हमने निभाया। यहां आकर हमेशा कहती थी कि यह पारिवारिक रिश्ता है, राजनीतिक नहीं। जज़्बात का रिश्ता है। आपसे कोई शिकायत नहीं है। कई बार ऐसे हालात पैदा हो जाते हैं कि कोई कितना भी समझाए, सच्चाई छिप जाती है। ऐसे हालात पैदा हुए। आपने इससे सीखा, हमने भी इससे सीखा। आपने एक संदेश दिया जिसे हमने स्वीकार कर लिया। आज हम यहां खड़े हैं तो इसलिए कि कोई भी परिस्थितियां आये, आपके और हमारे बीच का रिश्ता कभी नहीं टूटेगा।”

पिछले चुनाव में यहां झूठ का जाल फैलाया गया…

पिछले चुनाव में यहां झूठ का जाल फैलाया गया था। यह उन लोगों ने फैलाया जो देश भर में साढ़े सात साल से झूठ फैला रहे हैं। पिछले ढाई साल की बात करेंं, तो कोरोना आया, अचानक लॉकडाउन हो गया। अमेठी के लोग देश भर में अलग-अलग फंसे हुए थे। तब हम दिन-रात अमेठी और रायबरेली के लोगों से फोन के जरिए जुड़े रहे। सब रो रहे थे और कह रहे थे कि बस हमें घर तक पहुंचा दो। तब बीजेपी कहां थी, सांसद कहां थी ? जब कांग्रेस ने कहा कि हम बस देंगे तो उसे ठुकरा दिया गया। प्रियंका ने बताया, कोरोना की दूसरी लहर में छत्तीसगढ़ से हम आक्सीजन के ट्रक भेज रहे थे, लेकिन बीजेपी सरकार ने  नहीं आने दिया। हमने कहा कि कांग्रेस श्रेय भी नहीं लेगी, बैनर भी नहीं लगायेंगे। बड़ी मुश्किल से रायबरेली सिलेंडर आ पाये।

उत्तर प्रदेश में जिंदा गाय को दफनाया जा रहा: प्रियांका गांधी

प्रियंका ने कहा, कोरोना के बाद किसानों का आंदोलन शुरू हुआ। आप बताइये, क्या खाद मिल रही है सही दाम पर? आज किसान को गेहूं, गन्ना का दाम नहीं मिलता, खाद नहीं मिलती, आवारा पशु की समस्या है। कोई आ रहा है इन मुद्दों पर सरकार की ओर से? प्रियंका ने कहा कि गौशालाओं के नाम पर क्या हो रहा है, उत्तर प्रदेश में जिंदा गाय को दफनाया जा रहा है।

क्या ऐसी निर्मम सरकार चाहिए?

प्रियंका ने कहा कि रायबरेली और अमेठी के लोगों में बहुत विवेक है। वे सच्चाई जानते हैं। सिलेंडर गैस हजार का है, सरसों का तेल दो सौ का मिल रहा है। क्या ऐसी निर्मम सरकार चाहिए? क्या आपको ऐसा प्रधानमंत्री चाहिए जो आठ हजार करो़ड़ के जहाज में उड़कर बनारस में नौटंकी करने आ सकते हैं, लेकिन आपकी समस्या नहीं हल कर सकते। प्रियंका ने धर्म के नाम पर दिखावा करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी पर हमला किया। उन्होंने कहा, सबकी आस्था होती है, पर सब दिखावा नहीं करते।

मुझे नहीं लगता कि मोदी जी के लोग संघर्ष कर रहे…

प्रियंका ने सवाल किया कि बताइये कि सात साल में आपने क्या किया? अमेठी में बीएचईएल, एचएएल जैसी तमाम चीजें लगीं, बंद किसने किया? रायबरेली में एम्स किसने खोला? बंद कौन करा रहा है? सच्चाई आप देख रहे हैं। कौन संघर्ष कर रहा है। मुझे नहीं लगता कि मोदी जी के लोग संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस की बनाई तमाम कंपनियों को मोदी जी अपने बड़े-बड़े दोस्तों को बेच रहे हैं।

अपनी प्रतिज्ञा पदयात्रा में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर जनता के लिए करने वाले कामों को बताते हुए प्रियंका ने कहा…

  • हम किसानों का पूरा कर्जा माफ करेंगे।
  • ढाई हजार रुपये में गेहूं और धान खरीदेंगे।
  • चार सौ रुपये गन्ना किसान को मिलेगा।
  •  बिजली बिल हाफ होगा और कोरोना काल का बकाया माफ होगा।
  •  कोरोना की आर्थिक मार सबसे ज्यादा जिन परिवारों को हुई उन्हें 25 हजार दिया जाएगा।
  • 20 लाख रोजगार देंगे जिनमें आठ लाख महिलाओं को देंगे।
  •  कोई भी बीमारी होगी तो 10लाख का इलाज सरकार कराएगी।
  • महिलाओं, आपको राजनीति में सशक्त बनाने के लिए 40 फीसदी टिकट देंगे।
  •  सुरक्षा और सशक्त बनाने के लिए छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देंगे।
  • हमारी सरकार महिलाओं को तीन गैस सिलेंडर देंगे।
  • विधवा पेंशन एक हजार रुपये तक बढ़ाएंगे।
  • आशा बहुओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 10 हजार रुपये प्रति माह मानदेय देंगे।
  • हर जिले में वीरांगना विद्यालय खोलेंगे।

मुझे गर्व है कि मैं भी अमेठी के परिवार की सदस्य हूं…

प्रियंका ने आगे अमेठी के लोगों से कहा, हमें मौका दीजिए, इससे ज्यादा काम करना चाहते हैं। जागिए, जागरूक बनिए। आपने सिखाया कि राजनीति सेवा होती है। समस्या जानने के लिए घर-घर जाना चाहिए। हम जो भी हैं, आप ही की वजह से हैं। बहुत दिन बाद यहां आकर बहुत खुशी हुई। मुझे गर्व है कि मैं भी अमेठी के परिवार की सदस्य हूं।


Related