बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश बना डाला-प्रियंका गाँधी

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के आरोपी और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ये सच सामने आना चाहिए कि विकास दुबे जैसे अपराधियों की परवरिश किन किन लोगों ने की? प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि “उप्र की कानून-व्यवस्था बदतर हो चुकी है। राजनेता-अपराधी गठजोड़ प्रदेश पर हावी है। कानपुर कांड में इस गठजोड़ की सांठगांठ खुलकर सामने आई।

कौन-कौन लोग इस तरह के अपराधी की परवरिश में शामिल हैं- ये सच सामने आना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से पूरे कांड की न्यायिक जाँच होनी चाहिए”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट के साथ एक वीडियो संदेश भी जारी किया है। इस संदेश में उन्होंने कहा कि “सारा देश देख रहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है। उनके अपने सरकारी आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश बच्चों में अपराध पर नंबर एक पर है। दलितों पर अपराध में नंबर एक पर है। महिलाओं पर आपराध में नंबर एक पर है। अवैध असलहों और हथियारों के मामले में नंबर एक पर है। हत्याओं में नंबर एक पर है।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि “यह प्रदेश की स्थिति है। लॉ एंड ऑर्डर की जो सिचुयशन है एकदम बेहद  बिगड़ चुकी है और इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल रहे हैं, फूल रहे हैं। इसके बड़े बड़े व्यापार हैं। खुलेआम अपराध करते हैं। कोई रोकने वाला नहीं है। पूरा प्रदेश इस बात को जानता है कि इनका संरक्षण राजनीतिक शक्तियों द्वारा होता है। इनका राजनीतिक संरक्षण जो सत्ता में हैं उनसे होता है। सब देख रहे हैं, सब जान रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि “विकास दुबे के एनकाउंटर के पहले, जो आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं उनके परिजनों को हम किस तरह से भरोसा दिला सकते हैं कि उनको न्याय मिल रहा है। कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

प्रियंका गांधी ने कहा “कांग्रेस पार्टी की ये मांग है कि सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज द्वारा एक न्यायिक जांच हो, जो पूरे कानपुर कांड की जांच करके असलियत को जनता के सामने रखे।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जिन्होंने विकास दुबे जैसे अपराधी की परवरिश की, उन्हें पाला पोसा उनकी असलियत सामने आनी चाहिए। जब तक असलियत सामने नहीं आएगी, जबतक अपराधियों और राजनेताओं के बीच सांठगाँठ सामने नहीं आएगी, तबतक असलियत जनता के सामने नहीं आएगी, तब तक न्याय नहीं होगा। हमारी यह मांग है जाँच होनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।

 

इसके पहले एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार से सवाल किया था कि विकास दुबे को संरक्षण देने वालों का क्या होगा? प्रियंका ने कहा कि “अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको सरंक्षण देने वालों का क्या?

बता दे कि कानपुर कांड का मुख्य आरोपी और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस का कहना है कि कानपुर देहाद के भौती इलाके में गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे पुलिसवालों का पिस्टल छीनकर भाग रहा था। उसे सरेंडर करने का मौका दिया गया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई है।

मुठभेड़ के बाद विकास दुबे को कानपुर के हैलट अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के चार जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों को भी इलाज के लिए हैलेट अस्पताल लाया गया है। विकास दुबे को कल ही उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया था। उसे यूपी एसटीएफ उज्जैन से गाड़ी के जरिये कानपुर ला रही थी।


 


Related