हाथरस में गैंगरेप का शिकार दलित युवती की मौत, प्रियंका ने कहा योगी ज़िम्मेदार !

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई दलित युवती की दिल्ली के सफ़दरज़ग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। इस घटना को लेकर यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार सवालों के घेरे में है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाँधी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए सीधे योगी सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है। उन्होंने एक बयान में कहा है-


हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। श्री योगी आदित्यनाथ जी आप उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जवाबदेह हैं।

हाथरस के थाना चंदपा क्षेत्र के गांव में 14 सितंबर को गाँ के ही चार दबंग युवकों ने 19 साल की दलित लड़की के साथ खेत में गैंगरेप किया था। पुलिस ने शुरुआत में इस मामले में बेहद लापरवाही दिखायी। रेप की धाराओं में केस दर्ज न करके छेड़खानी का मामला दर्ज किया।

घटना के नौ दिन बाद जब पीड़ित होश में हाई तो उसने अपनी आपबीती सुनायी। डाक्टरी परीक्षण में गैंगरेप की पुष्टि हुई। अब हाथरस पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ़्तार कर लिया है। पीड़ित के परिजनों ने गाँव के ठाकुरों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गैंगरेप करने वालों ने पीड़िता की जीभ काट दी थी। यही नहीं, उसकी रीढ़ की हड़्डी भी तोड़ दी थी। उसके चिल्लाने की आवाज़ सुनकर उसकी माँ वहाँ पहुँच गयी और आरोपी फ़रार हो गये, वरना इरादा तो मार डालने का ही था।

पीड़िता को नाज़ुक हालत में पहले ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफ़र किया गया। बाद में हालत और बिगड़ी तो दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ आज सुबह उसकी मौत हो गयी।




Related