‘ओमिक्रॉन’ के महाराष्ट्र में दो और दिल्ली में 3 नए मामले, देश में कुल संक्रमितों की संख्या 45 हुई!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन अब भारत में लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी कुल संख्या बढ़कर अब 45 हो गई है। इसके मामले सबसे ज़्यादा महाराष्ट्र में देखने को मिल रहें हैं। इसके बाद राजस्थान का नाम आ रहा है। इसके अलावा दिल्ली,गुजरात, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़ में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्र ने राज्यों से जांच में तेज़ी लाने के लिए भी कहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

बता दें कि दुबई से महाराष्ट्र लौटे दो लोगों के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। दक्षिण अफ्रीका से गुजरात लौटे एक व्यक्ति में भी ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, आज ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी चार नए ओमिक्रॉन के मामले सामने आए हैं। जिससे दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या छह हो गई है। छह मामलों में से एक मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन मामलों के बाद ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 45 हुई है। जिसमे से एक दिल्ली का संक्रमित अस्पताल से घर लौट गया है। कोरोना के मामलों की बात करें तो भारत में बीते 24 घंटे के अंदर 5,784 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 252 लोगों की मौत हो गई।


Related