भारत जोड़ो यात्रा – जब मुंह-अंधेरे ही राहुल गांधी ने कर डाली जनसभा

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लगातार अपनी छवि को नया आयाम दे रहे राहुल गांधी ने 21 दिसंबर को एक और कमाल कर दिया है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान का पदयात्रा का चरण पूरा कर के, हरियाणा में प्रवेश करते समय – सुबह मुंह-अंधेरे ही जनसभा कर डाली। इसमें राहुल गांधी का हरियाणा में स्वागत और भाषण कुल 30 मिनट में ही संपन्न हो गया। सुबह 5.20 के आसपास ये सभा कर के, राहुल गांधी ने हरियाणा में प्रवेश किया।

जनसभा में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा भी थे। यात्रा में चल रहे तिरंगे को इस सभा में अशोक गहलोत ने भूपिंदर सिंह हुड्डा को सौंपा।

हरियाणा में प्रवेश करने से पहले राहुल, हुडा और गहलोत

इस जनसभा के इतनी सुबह होने के बारे में अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में करोड़ों लोग हैं, जो रोज़ सुबह 4 बजे उठकर काम पर जाते हैं, जो किसान हैं, मजदूर हैं या छोटे दुकानदार हैं।

इस जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हो या भाजपा या फिर कोई और पार्टी – नेताओं का जनता से संपर्क खत्म हो गया है। इस यात्रा के दौरान पैदल चलते हुए, वो लोगों से मिले हैं और उनको समझा है।

राहुल गांधी ने ये भी कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में उन्होंने लंबे भाषणों की परंपरा को खत्म कर दिया है। यात्री और नेता 7-8 घंटे चलते हैं और फिर केवल 15 मिनट का भाषण देते हैं।