आकाशीय बिजली ने बनाया रिकॉर्ड, अमेरिका के तीन राज्यों में थी बिजली चमकने की लंबाई

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


आसमान में अक्सर कई तरह की घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन हाल ही में बिजली चमकने की घटना ने विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अमेरिका के आसमान में बिजली की इतनी लंबी लकीर खिंची कि इसे एक साथ तीन राज्यों में देखा गया। यह अब तक चमकी सबसे लंबी बिजली का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन के रिकॉर्ड विभाग ने बताया है कि अप्रैल, 2020 में यह आकाशीय बिजली चमकी थी। यह इतनी लंबी थी कि टेक्सास, लुइसियाना और मिसिसिप्पी, तीनों राज्यों में इसे देखा गया। उदाहरण के तौर पर देखें तो इस बिजली की लंबाई दिल्ली की इस्लामाबाद से दूरी से भी ज्यादा करीब 770 किमी थी।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन की प्रवक्ता क्लेयर नुलिस के शब्दों में कहें तो, ‘बिजली ने कुछ सेकेंड में जो दूरी तय की, उसे तय करने में एक हवाई जहाज को घंटों का समय लगेगा’। इससे पहले सबसे लंबी बिजली का रिकॉर्ड ब्राजील में साल 2018 में चमकी बिजली के नाम था। इसकी चमक 709 किमी लंबी थी।

रैंडल सेर्वेनी ने बताया कि ये घटनाएं जलवायु परिवर्तन से जुड़ी नहीं हैं और इन्हें नई सैटेलाइट ट्रैकिंग टेक्नोलॉजी के जरिए खोजा और नापा गया। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि यह घटना बादलों के बीच, धरती से कई हजार फीट ऊपर हुई हालांकि चमकने के दौरान यह कई बार जमीन पर भी गिरी लेकिन इससे हुई किसी दुर्घटना के बारे में नहीं पता चला है।