शिक्षक भर्ती घोटाले में बड़े चेहरों को बचा रही है यूपी सरकार- कांग्रेस

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


यूपी कांग्रेस ने योगी सरकार पर, शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार में शामिल कुछ ख़ास लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पंकज मलिक ने 69 हज़ार शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रहे, प्रयागराज के एसएसपी सत्यार्थ अनुरुद्ध पंकज को हटाए पर प्रतिक्रिया देते हुए ये आरोप लगाया है।

पंकज मलिक ने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करती है लेकिन गले तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। 69 हज़ार शिक्षक भर्ती की जांच कर रहे प्रयागराज के SSP को हटाया जाना इस बात का प्रमाण है कि योगी आदित्यनाथ की सरकार की नियत ठीक नहीं है। इस सरकार में शामिल कई बड़े चेहरे इस घोटाले के खिलाड़ी हैं। योगी आदित्यनाथ को डर था कि कहीं उन नेताओं का नाम न सामने आ जाये इसलिए अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है। यह सरकार भ्रष्टाचारी गिरोह से संचालित हो रही है।

अपने बयान में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा है कि यूपी सरकार सच का गला घोंटने में लगी है। गाज़ियाबाद के पुलिस अधिकारी ने पोस्टिंग-ट्रांसफर में व्याप्त लेन देन पर सवाल उठाया, तो वह दमन का शिकार बने। पीपीई किट घोटाले पर एक पत्रकार साथी ने सवाल उठाया, तो पुलिस उन्हें प्रताड़ित करने लगी। KGMU मेडिकल कॉलेज में सवाल उठा, वहां भी सरकार का रैवया दमनकारी रहा। अभी एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ने कोरोना टेस्टिंग की मांग की तो उन के ख़िलाफ़ FIR दर्ज कर दी गई।

उन्होंने कहा कि अब भर्ती घोटाले की जांच कर रहे प्रयागराज SSP को हटाया गया। सुनने में आ रहा है कि कोरोना का सरकार बहाना बना रही है। यह कौन सी नियमावली है कि अगर कोई बीमार है तो उसे हटा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि प्रयागराज में जिस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लाया गया है। ये एसएसपी महोदय वही हैं जो सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए अंधभक्तों के साथ थाली पीट रहे थे।

इसके पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर के, इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के एसएसपी को हटाए जाने की ख़बर पर आश्चर्य जताया था। उन्होंने भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले अधिकारी को हटाने को लेकर, सवाल किए थे।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पंकज मलिक ने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचारियों के गिरोह से संचालित हो रही है। खुलेआम युवाओं-नौजवानों के सपनों के हत्यारों को बचाने की साजिश रची गयी है। यह तबादला नहीं, बल्कि शिक्षक भर्ती घोटाले में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश है।


उत्तर प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी बयान के साथ हमारी डेस्क के इनपुट पर आधारित ख़बर।

मीडिया विजिल का स्पॉंसर कोई कॉरपोरेट-राजनैतिक दल नहीं, आप हैं। हमको आर्थिक मदद करने के लिए – इस ख़बर के सबसे नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

हमारी ख़बरें Telegram पर पाने के लिए हमारी ब्रॉडकास्ट सूची में, नीचे दिए गए लिंक के ज़रिए आप शामिल हो सकते हैं। ये एक आसान तरीका है, जिससे आप लगातार अपने मोबाइल पर हमारी ख़बरें पा सकते हैं।

इस लिंक पर क्लिक करें

Related