NCP के वरिष्ठ नेता डीपी त्रिपाठी का निधन, तमाम नेताओं ने शोक जताया

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डीपी त्रिपाठी का 67 साल की उम्र में दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। डीपी त्रिपाठी का पूरा नाम देवी प्रसाद त्रिपाठी है। वह जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।

डीपी त्रिपाठी का जन्म 29 नवंबर 1952 को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुआ था।

डीपी त्रिपाठी के निधन पर एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने गहरा दुख जताया है। एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने ट्वीट कर कहा, ‘डीपी त्रिपाठी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुःख हुआ। वो एनसीपी के महासचिव थे। हम सभी के मार्गदर्शक और संरक्षक थे। हम उनके परामर्श और मार्गदर्शन को याद करेंगे, जो उन्होंने उस दिन से दिया था, जिस दिन एनसीपी की स्थापना हुई थी। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

इसके अलावा उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू सहित कई नेताओं ने डीपी त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

एनसीपी के मुख्य प्रवक्ता एवं महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने भी त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के पूर्व सदस्य ने पार्टी का आधार बढ़ाने में एक बहुमूल्य योगदान दिया।

एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि डीपी त्रिपाठी के निधन से उनको निजी क्षति हुई है.

 


Related