पुरी: बीजेडी प्रत्‍याशी ने छापा मारने आई चुनाव आयोग की टीम पर किया बम से हमला, गिरफ्तार

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :

Photo: PTI


ओडिशा की पिपिली विधानसभा सीट से बीजू जनता दल के प्रत्‍याशी प्रदीप महारथी को निर्वाचन आयोग की एक टीम पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। कहा जा रहा है कि उन्‍होंने अपने फार्महाउस पर टीम पर हमला करने की कोशिश की।

महारथी ओडिशा के पूर्व कैबिनेट मंत्री हैं। उनके ऊपर हत्‍या के प्रयास, हमले और आपराधिक बल, लोकसेवक को अपना काम करने से रोकने और दंगे से संबंधित जन प्रतिनिधित्‍व कानून की धारा 123 लगायी गई है।

पुलिस के मुताबिक हमले में 15 और लोग शामिल थे जिन्‍हें जल्‍द ही गिरफ्तार किए जाने की बात कही  गई् है।

रविवार रात बारह बजे के आसपास कार्यकारी मजिस्‍ट्रेट रबि नारायण पात्रा को सूचना मिली कि महारथी के फार्महाउस पर मतदाताओं को भोजन व शराब का वितरण हो रहा है। उन्‍होंने उड़ाका दल और वीडियो सर्विलांस टीम के साथ वहां छापा मार दिया। टअीम के पहुंचते ही उस पर हमला हो गया। इस हमले की अगुवाई खुद महारथी कर रहे थे। इस हमले में अधिकारी को चोट आई।

महारथी की गिरफ्तारी के विरोध में बीजू जनता दल ने भुवनेश्‍वर के मुख्‍य निवार्यचन अधिकारी को पत्र लिखकर विरोध जताते हुए कहा है इस कार्रवाई के चलते अगर एक पूर्व कैबिनेट मंत्री को गिरफ्तार किया जा सकता है तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान क्‍यों खुले घूम रहे हैं। बीजेडी का लिखा पत्र नीचे पढ़ा जा सकता है।

पुरी लोकसभा के अंतर्गत आने वाली पिपिली विधानसभा में मंगलवार को मतदान होना है। इसी दिन राज्‍य की छह लोकसभा सीटों पर भी मतदान है।

 


Related