डेल्टा के मिले 13 नए वैरिएंट, भारत में भी 5 मौजूद, महाराष्ट्र में 65 मौत!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
Corona Published On :


कोरोना का बेहद संक्रामक डेल्टा वैरिएंट का प्रकोप पहले ही भारत समेत 135 देशों में सामने आ चुका है। लेकिन अब यह वैरिएंट तेजी से अपना रूप बदल रहा है। इस डेल्टा वैरिएंट के 13 नए रूप सामने आ चुके हैं। जिनमे से एक डेल्टा प्लस भी है और डेल्टा वैरिएंट के मिलने वाले नए स्वरूप को डेल्टा प्लस की श्रेणी में ही रखा जा रहा हैं। डेल्टा के भारत में भी पांच स्वरूप मिले हैं। डेल्टा के नए वैरिएंट बेहद खतरनाक है और वैक्सीनेटेड लोगो को भी नुकसान दे रहे है। भारत में ऐसे मामले देखने को मिल रहे है जहां वैक्सीनेटेड होने के बाद भी मरीजों की डेल्टा प्लस से मौत हो गई है।

नई दिल्ली स्थित आईजीआईबी के डॉ. विनोद स्कारिया ने बताया कि डेल्टा के बाद अब जितने भी स्वरूप सामने आ रहे हैं उन सभी को डेल्टा प्लस की श्रेणी में ही रखा जा रहा है।

चिंता की बात तो ये है की देश के तकरीबन हर राज्य में डेल्टा के नए स्वरूपों से संक्रमित कोई न कोई मरीज मिला ही हैं। करीब 100 से अधिक लोगों में इन नए स्वरूपों की पुष्टि हो चुकी है।


वैज्ञानिकों की चेतावनी.. भारत में वैक्सीनेटेड महिला की डेल्टा प्लस से मौत..

वैज्ञानिक इसे लेकर भविष्य में स्थिति गंभीर होने की चेतावनी दे रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में जरूर स्थिति बहुत चिंताजनक नहीं है लेकिन भविष्य में इसके गंभीर होने से इनकार भी नहीं है। यह वैरिएंट इतना शक्तिशाली है कि वैक्सीनेटेड लोगो और संक्रमित होने के बाद स्वस्थ होने वाले लोगो को दोबारा नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसा ही एक नया मामला महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट का आया है जिसमे महिला के वैक्सिनेशन के बाद भी उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, महिला 6 लोगो के संपर्क में आई थी। उनमें भी कोरोना के लक्षण दिख रहे थे। जिसके बाद मरीजों का जीनोम स्वीकेंस टेस्ट कराने पर 2 लोगों में डेल्टा प्लस की पुष्टि हुई है और 4 लोगो की रिपोर्ट आना बाकी है।

अमेरिका व ब्रिटेन में मिले हैं डेल्टा प्लस के नए स्वरूप..

अमेरिका और ब्रिटेन से हाल ही में डेल्टा वैरिएंट के मामले लगातार बढ़ने की खबर आ रही है। इन देशों में संक्रमित बच्चों की अस्पतालों में भर्ती भी तेजी से बढ़ रही है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की ताजा साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 94 हजार से अधिक बच्चे संक्रमण की चपेट में आए हैं। ऐसे में अब अमेरिका और ब्रिटेन में डेल्टा प्लस के नए स्वरूप पूरे विश्व के लिए चिंताजनक है।

डॉ. विनोद ने बताया कि डेल्टा प्लस के नए स्वरूप अधिकतर अमेरिका व ब्रिटेन में मिले हैं। वहीं भारत में अब तक डेल्टा के अलावा डेल्टा प्लस, एवाई 2.0, एवाई 3.0 व एवाई 5 तक मिल चुका है। ब्रिटेन में भी एवाई 5 मिल चुका है।

महाराष्ट्र में 63 वर्षीय महिला की डेल्टा प्लस से मौत..

अमेरिका और ब्रिटेन में मिले डेल्टा के एवाई 5 स्वरूप इस बात का इशारा करते हैं की वैश्विक स्तर पर डेल्टा के नए स्वरूपों में समानता मिल रही है। भारत की बात करे तो नए स्वरूपों की पहचान भारत में भी हो रही है। आज ही महाराष्ट्र में 63 वर्षीय महिला की डेल्टा प्लस से मौत हो गई है। महिला समेत 7 लोगो में यह वैरिएंट एक दूसरे के संपर्क से आया है। महाराष्ट्र में अब तक डेल्टा प्लस वैरिएंट के 65 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से दो की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि डेल्टा प्लस वैरिएंट काफी तेजी से फैल रहा है।

भारत में भी बन सकती है गंभीर स्थिति..

अमेरिका वा ब्रिटेन की तुलना में भारत में अभी स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं है। लेकिन इस बात को नहीं भूला जा सकता की अमेरिका में 12 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। जबकि भारत में अभी बच्चों को टीका लगाने की बारी भी नही आई है। यहां तक कि भारत में रहने वाले आधे लोगों का भी अभी वैक्सिनेशन नही हुआ है। ऐसे में जिस तरह दूसरे देशों में ज्यादातर वैक्सिनेशन के बाद भी डेल्टा वैरिएंट आक्रामक दिख रहा है। यह भारत के लिए भी काफी घातक साबित हो सकता है। दूसरे देशों जैसी स्थिति कभी भी भारत में आ सकती है। इससे बचने के लिए लोगों को कोरोना के नियमों का पालन करते हुए सावधानी बरतने और जल्द से जल्द वैक्सिनेशन कराने की जरूरत हैं।


Related