मेरठ किसान पंचायत में बोलीं प्रियंका- जब तक मुझमें दम है तब तक आपके साथ लड़ूंगी!

मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बॉर्डर्स समेत पूरे देश में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में किसान महापंचायत करने में जुटी है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मेरठ के सरधना विधानसभा के कैली गांव में किसान महापंचायत को संबोधित किया। किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरठ की धरती से आज़ादी की पहली लड़ाई शुरू हुई थी। उस समय भी अंग्रेजी हुकूमत किसानों का शोषण कर रही थी। सैकड़ों किसान शहीद हुए थे। आज भाजपा सरकार भी किसानों का शोषण करने वाले कानून लाई है। मेहनत किसान करेगा, मुनाफा भाजपा के खरबपति मित्र कमाएंगे।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि किसान 100 दिन से संघर्ष कर रहे हैं। 200 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। भाजपा ने किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया, किसानों का अपमान किया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान ये लड़ाई अपनी मेहनत के हक़ को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। मैं किसानों के साथ हूँ। मैं आपसे वादा करती हूँ कि जब तक मुझमें दम है तब तक आपके साथ लड़ूंगी। चाहे ये आंदोलन 100 दिन क्या 100 हफ्ते चले, 100 महीने चले मैं किसानों के साथ हूँ।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी आज बंगाल में भी बोल रहे होंगे कि इन कानूनों से किसानों को फायदा होगा। जबकि लाखों किसान दिल्ली बॉर्डर पर बैठकर कह रहे हैं कि इन कानूनों से हमें कोई फायदा नहीं है। सरकार का धर्म था कि किसानों के पास जाकर उनसे बात करती। लेकिन प्रधानमंत्री जी किसानों की नहीं सुनते।

प्रियंका गांधी ने कहा प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका, पाकिस्तान, चीन घूमकर आ गए लेकिन दिल्ली में बैठे किसान से मिलने नहीं जा सके। मोदी सरकार बड़े बड़े  उद्योगपतियों के लिए चल रही है। उनके केवल दो ही मित्र हैं। बिजली के दाम बढ़ गए, पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ गया। हर तरफ से आप पर वार है। इस स्थिति को बदलने के लिए खड़े रहना पड़ेगा। आपकी जो परिस्थिति सरकार ने बनाई है। यही परिस्थिति आपको सरकार की बनानी है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों का गन्ने का 10 हजार करोड़ बकाया है। पूरे देश का बकाया 15 हजार करोड़ है। लेकिन मोदी जी ने किसान का पैसा देने के बजाए 16 हजार करोड़ में दो हवाई जहाज खरीदे हैं। संसद के सौंदर्यीकरण के लिए भी 20 हजार करोड़ रखे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में किसानों की मौत का मुद्दा उठाया लेकिन किसानों की मौत पर सभी मौन रहे। संसद में कोई सत्ता पक्ष का खड़ा नहीं हुआ। किसानों का अपमान किया गया। आंदोलनजीवी और परजीवी कहकर अपमान हुआ।

किसान पंचायत में शामिल किसानों का आह्वान करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि दिल्ली बॉर्डर की तरह गांव गांव आंदोलन कीजिए। जब जब आप संकट में होंगे कांग्रेस खड़ी होगी। दुख हो या सुख तब तब पहुंचेंगे। हम कर्जदार हैं आपके। आपकी लड़ाई मेरी लड़ाई है। जब तक मुझमें दम है तब तक आपके साथ लड़ूंगी।

ट्रैक्टर में बैठकर मंच तक पहुंची प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ट्रैक्टर पर बैठकर मंच तक पहुंची। ट्रैक्टर में उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी सवार थे। इसके पहले मेरठ पहुंचने के दौरान रास्ते में जगह जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी को पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने भगवद्गीता भी भेंट की।

First Published on:
Exit mobile version