कार्यकर्ता मतभेद भुलाकर चुनाव की तैयारी करें, भाजपा के झूठ को करें बेनकाब: अखिलेश यादव

यूपी विधानसभा 2022 से पहले सभी पार्टियां अपनी मज़बूती बनाने में लगी हुई। इस समय विपक्ष सरकार पर हमलावर है। बयानों, भाषणों और जुबानी जंग का दौर चल रहा है। इसी बीच कन्नौज में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई से लखनऊ के रास्ते में एक्सप्रेस-वे पर ठठिया विशिष्ट मंडी कट पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं को देखकर गाड़ी रुकवा दी। उन्होंने सपाइयों को दीपावली बधाई दी और कहा कि लोगों के बीच जाकर खूब जनसंपर्क करो, सपा के कामों को गिनाओ। अखिलेश ने सत्तारूढ़ पार्टी पर हमला बोलते हुए सपाइयों से कहा कि भाजपा के झूठ को बेनकाब करो।

कार्यकर्ताओं को देखकर सपा प्रमुख ने रोका काफिला..

अखिलेश यादव गुरुवार को पत्नी डिंपल यादव के साथ सैफई से लखनऊ जा रहे थे। यह बात सामने आते ही पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विशिष्ट मंडी कट पर पहुंच गए। वहां कार्यकर्ताओं को देखकर सपा प्रमुख ने काफिला रोक दिया और गाड़ी से उतरकर उन्होंने सपा के जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी से बात की और वहां मौजूद सपाइयों को संबोधित करते हुए कई बातें कहीं।

कार्यकर्ता गुटबाजी बंद कर चुनाव की तैयारी करें..

अखिलेश ने कहा सारे मतभेदों को भुलाकर चुनाव की तैयारी शुरू करने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं के बीच चल रही गुटबाजी जल्द ही सुलझ जाएगी। एकजुट होकर सपा का झंडा फहराया जाएगा और विधानसभा चुनाव में तीनों सीटें सपा के खाते में आनी चाहिए। कार्यकर्ताओं में गुटबाजी बंद न हुई तो पार्टी कार्रवाई करेगी। अखिलेश ने कहा कि बूथ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करें। युवाओं को वोटर बनने में मदद करें। पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी प्रदान करें। सपा प्रमुख अखिलेश ने गांव-गांव जाकर सम्मेलन करने की बात कही।

सपा कि तुलना बीजेपी से कर जनता को जागरूक करो..

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब आम आदमी को राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के बारे में पता चल गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सपा के शासन की याद दिलाकर उनकी तुलना भाजपा से कर उन्हें जागरूक करने को कहा। जिला प्रवक्ता ने प्रबुद्ध सम्मेलन की बात की तो सपा प्रमुख ने कहा कि आयोजन करो, वह समय जरूर देंगे। वहीं, विशिष्ट मंडी और परफ्यूम पार्क का निर्माण अधूरा बताए जाने पर सपा प्रमुख ने आश्वासन दिया कि सरकार आने के बाद सभी बंद कार्यों को पहले शुरू किया जाएगा।

First Published on:
Exit mobile version