त्रिपुरा: बीजेपी छोड़ कांग्रेस का हाथ थामने वाले सुदीप रॉय ने कहा- त्रिपुरा में नहीं है लोकतंत्र, जनता चाहती है बदलाव

त्रिपुरा में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता सुदीप रॉय बर्मन अपने करीबी सहयोगी आशीष साहा के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्हें दिल्ली स्थिति राहुल गांधी के आवास पर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

सुदीप रॉय बर्मन व आशीष साहा ने सोमवार को त्रिपुरा विधानसभा व भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। दोनों इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

भाजपा पर बोला था हमला…

इससे पहले 29 जनवरी को भाजपा के बागी विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने त्रिपुरा सरकार पर हमला किया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में लोकतंत्र नहीं है और यहां लोगों का दम घुट रहा है। साथ ही उन्होंने पार्टी छोड़ने के सवाल पर कहा था कि वह अपने लोगों से पूछने के बाद ही अपने भविष्य पर फैसला करेंगे। त्रिपुरा में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सुदीप रॉय त्रिपुरा सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि राज्य में लोकतंत्र का कोई ठिकाना नहीं है क्योंकि लोकतांत्रिक ऑक्सीजन खत्म हो गई है।

First Published on:
Exit mobile version