राहुल-प्रियंका आज फिर हाथरस जाएंगे, कई कांग्रेस सांसद भी रहेंगे साथ

हाथरस की पीड़िता के परिवार का नार्को टेस्ट करने के यूपी सरकार के आदेश और यूपी पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार के साथ किये जा रहे व्यवहार से देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोग योगी सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।

वहीं खबर है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी आज दोपहर बाद फिर हाथरस जाएंगे। राहुल और प्रियंका के साथ कांग्रेस सांसदों का एक प्रतिनिधि मंडल भी पीड़ित परिवार से मिलने जाएगा। बता दें कि दो दिन पहले इस कोशिश में यूपी पुलिस ने उनके साथ धक्का मुक्की करके हिरासत में ले लिया था।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि “दुनिया की कोई भी ताक़त मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती”।

इसके कुछ देर पहले एक अन्य ट्वीट में राहुल ने कहा कि “इस प्यारी बच्ची और उसके परिवार के साथ UP सरकार और उसकी पुलिस द्वारा किया जा रहा व्यवहार मुझे स्वीकार नहीं। किसी भी हिन्दुस्तानी को ये स्वीकार नहीं करना चाहिए”।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नजरबंद

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को यूपी पुलिस ने लखनऊ स्थित उनके घर में नज़रबंद कर दिया है। पुलिस उन्हें कहीं जाने नहीं दे रही है। अजय लल्लू के बहुखंडी स्थित आवास में देर रात 1 बजे से ही पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि देर रात नोटिस देने के बहाने पुलिस ने उन्हें परेशान भी किया। पुलिस का कहना है कि वो इनकी सुरक्षा के लिए आये हैं।

First Published on:
Exit mobile version