प्रियंका गांधी ने अलवर रेप पीड़िता के परिवार से फोन पर की बात, पूरी मदद का वादा…

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को अलवर रेप पीड़िता के परिवार से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना और उनकी पूरी मदद करने का आश्वासन दिया। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अलवर की घटना निंदनीय है और राजस्थान सरकार से बात कर दोषियों को सख़्त से सख़्त सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने में मैं साथ दूँगी।

भाजपा का मूल उद्देश्य न्याय के लिए आवाज उठाना नहीं  आवाज पर हमला करना..

इसे लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने लिखा कि बीजेपी नेताओं का बेटी के इंसाफ से कोई लेना-देना नहीं है। ये वो लोग हैं जो बेटी को बदनाम करते हैं और रेप पीड़िता के परिवार को परेशान करते हैं। प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ कैंपेन ने आज महिलाओं की आवाज़ को ताकत दी है। भाजपा का मूल उद्देश्य न्याय के लिए आवाज उठाना नहीं बल्कि महिलाओं की आवाज पर हमला करना है। प्रियंका गांधी ने परिवार से संवेदनशील तरीके से बात की है और उनकी पूरी मदद करने का वादा किया है।

भाजपा के लोगों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए..

बता दें कि हाल ही में राजस्थान रेप पीड़िता को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर हमला किया था, जिसके जवाब में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि

“भाजपा के लोग हाथरस में एक बेटी के शव को उसके माँ-बाप से छीनकर जला देते हैं। बलात्कार पीड़िता की मृत्यु हो जाने के बाद उसके चरित्र पर उँगली उठाते हैं और उसको बदनाम करते हैं। वे लोग क्या महिलाओं के लिए न्याय पर बात करेंगे। प्रियंका जी इस मुद्दे पर संवेदनशील हैं और हमेशा न्याय की आवाज़ के साथ खड़ी हैं। भाजपा के लोगों को उनके बारे में झूठी खबर फैलाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।“

गौरतलब है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने घटना का संज्ञान लेते हुए सभी अधिकारियों से जवाब मांगा था और घटना में न्याय दिलाने का वादा किया था।

 

First Published on:
Exit mobile version