बेखौफ आतंकी : सोनीपत में महिला पहलवान और भाई की गोली मारकर हत्या, मां की हालत नाज़ुक!

सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के हलालपुर गांव में बुधवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने एक महिला पहलवान निशा और उनके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला पहलवान की मां को भी गोली मारी गई है वह गंभीर रूप से घायल है। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। गोली मारने का कारण अभी भी अज्ञात है। खरखौदा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुश्ती कोच पर हत्या का आरोप..

महिला पहलवान के साथ उसके 18 वर्षीय भाई सूरज को भी गोली मारी गई, जिससे उसने भी दम तोड़ दिया। इस दौरान बीचबचाव में आई उनकी मां को भी गोली लग गई। दोनों भाई-बहनों की हत्या के बाद से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने अकादमी में जमकर तोड़फोड़ भी की। भारी पुलिस की मौजूदगी में आक्रोशित ग्रामीणों ने कुश्ती अकादमी में आग लगा दी। कुश्ती कोच पर हत्या का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हमला क्यों और किसने किया।

पहले महिला पहलवान के नाम को लेकर था भ्रम..

आपको बता दें कि शुरुआती रिपोर्ट्स में महिला पहलवान के नाम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते कहा गया कि यह घटना राष्ट्रीय स्तर की पहलवान के साथ हुई है। इस खबर के कुछ देर बाद ही राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान निशा दहिया ने खुद एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सुरक्षा की जानकारी दी।

 

First Published on:
Exit mobile version