स्पीक अप इंडिया: 28 मई को 50 लाख अकाउंट से कांग्रेस उठायेगी आर्थिक बदहाली का सवाल

कांग्रेस पार्टी 28 मई यानि कल देशभर में ऑनलाइन अभियान ‘स्पीक अप इंडिया’ शुरू करने का एलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान देश में आर्थिक बदहाली और बेरोजगारी के खिलाफ व प्रवासी मजदूरों के सम्मान और MSMEs की रक्षा के लिए है। इस अभियान में 50 लाख से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा लेंगे। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर जनता की आवाज़ को उठायी जाएगी।

‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान 28 मई को दिन में 11 बजे से 2 बजे तक चलेगा। कांग्रेस ने कहा है कि सरकार लॉकडाउन से पीड़ित लोगों को राहत देने की उसकी बात पर ध्यान नहीं दे रही है इसलिए पार्टी ने जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान चलाने का फैसला किया है।

‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान के जरिए प्रवासी नागरिकों को सकुशल और निःशुल्क घर पहुंचाने, हर गरीब को 10000 रुपये की तत्काल सहायता देने, MSMEs को लोन के बजाए आर्थिक मदद देने और मनरेगा में कार्यदिवस 200 दिन करने की मांग की जाएगी। कांग्रेस ने ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान का लोगो और वीडियो भी जारी किया है।

कांग्रेस नेता अजय माकन और कांग्रेस सोशल मीडिया प्रमुख रोहन गुप्ता ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि “पिछले कुछ सप्ताह में कुछ तस्वीरें हमारे मानस पटल पर हमेशा के लिए अंकित हो गई है। देश के वर्तमान हालात के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने 28 मई को देशभर में ऑनलाइन कैम्पेन शुरू करने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी सरकार से लगातार जनता को नकद सहायता देने के लिए निवेदन कर रही है। लेकिन सरकार के कानों तक ये बात नहीं पहुंच रही है, इसलिए कांग्रेस ने तय किया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सरकार तक एक ही आवाज़ में ये बात पहुंचाएगा। हमारे समर्थक और कार्यकर्ता फ़ेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब लाइव के जरिए अपना संदेश देंगे और ये मांगें उठाएंगे।

कांग्रेस का कहना है कि हम अपने मजदूर, MSMEs, मध्यम वर्ग को परेशानी में नहीं देख सकते हैं, इस अभियान का यही मुख्य उद्देश्य है। पूरे देश से आवाज़ उठेगी, तो सरकार को हम सबकी आवाज़ सुनने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। हम सबको मिलकर भारत की बात करनी है, भारत की रक्षा की बात करनी है।

वहीं यूपी कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि अप इंडिया अभियान के जरिये कांग्रेस कार्यकर्ता 3 प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे-

1- सरकार सबसे गरीब लोगों को मदद के लिए न्याय योजना की तरह  10,000 रुपये का अग्रिम भुगतान तुरंत करे और 6 महीनों तक 7500 रू देना सुनिश्चित करे।

2- श्रमिकों की समस्याओं को देखते हुए उनको घर वापस ले जाने की सही व्यवस्था उनके लिए की जाए।

3- यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी व 60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमे लगाने का भी विरोध किया जाएगा।


 

First Published on:
Exit mobile version