भारत से लापता हुए युवक को चीन ने लौटाया, राहुल गांधी का सवाल- भारत की भूमि कब वापस ले रहे हैं?

भारत-चीन सीमा एलएसी से अगवा हुए 17 साल के मीराम तारौन को चीनी सेना ने भारत को वापस सौंप दिया है। इसकी जानकारी केंद्रीय कानून मंत्री किरन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर दी। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसा है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, “मीराम तारौन को चीन ने वापस लौटा दिया है ये जानकर तसल्ली हुई। जिस भारत भूमि पर चीन ने कब्ज़ा किया है वो कब वापस मिलेगी, प्रधानमंत्री जी?”

क्या है मामला..

जिंदों गांव के रहने वाले मीराम और उसके दोस्त को 18 जनवरी को चीनी सेना ने अगवा कर लिया था। मीराम का दोस्त किसी तरह चीनी चंगुल से भाग निकला और भारतीय सेना को इसकी सूचना दी। अगवा करने के पीछे चीन का हाथ बताया जा रहा था। लेकिन चीन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। हालांकि, 20 जनवरी को चीनी सेना ने अज्ञात नाबालिग के मिलने की बात मानी थी और उनके भारतीय होने की पुष्टि भी की।

राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अरूणाचल प्रदेश में भारतीय किशोर का चीनी सैनिकों द्वारा अपहरण किए जाने के मामले में केन्द्र सरकार को घेरने की कोशिश की थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, “गणतंत्र दिवस से कुछ ही दिन पहले चीनियों ने एक भारतीय नागरिक का अपहरण कर लिया है, हम मीराम तारौन के परिवार के साथ हैं, और हम हार नहीं मानेंगे और उम्मीद नहीं छोड़ेंगे। लेकिन प्रधानमंत्री की चुप्पी यह दर्शाती है कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।”

First Published on:
Exit mobile version