ज़मीनी नेता अजय कुमार ‘लल्लू’ होंगे यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष, नवरात्रि में हो सकती है घोषणा

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय हो चुका है। पार्टी के विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार ‘लल्लू’ नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। पार्टी के पुष्ट सूत्रों ने इस आशय की सूचना देते हुए बताया कि नए अध्यक्ष का नाम नवरात्रि में घोषित कर दिया जाएगा। आगामी 28 सितंबर को पितृपक्ष समाप्त होने के बाद नए अध्यक्ष का एलान कभी भी किया जा सकता है।

सुबह से इस आशय की अटकलें मीडिया में लगायी जा रही थीं लेकिन कुछ खबरों में इस निर्णय पर पेंच फंसने की बात कही गयी थी। मीडिया की खबरों में बताया गया था अजय कुमार ‘लल्लू’ के अध्यक्ष बनने की राह में कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने एतराज़ कर के रोड़ा अटका दिया है।

यह बात सार्वजनिक है कि जितिन प्रसाद आम चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में थे और यह बात पार्टी नेतृत्व को बहुत नागवार गुज़री थी। ज़ाहिर है मीडिया में आयी जितिन प्रसाद की आपत्ति की बात और अजय कुमार की उम्मीदवारी पर पार्टी द्वारा पुनर्विचार की खबर बेबुनियाद है।

कांग्रेस के एक सूत्र ने नाम नाम न छापने की शर्त पर इसकी पुष्टि की।

पिछले साल भर से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की ज़मीनी राजनीति को मज़बूत करने और संगठन निर्माण में अजय कुमार अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के साथ करीबी रूप से पिछले कुछ महीनों से काम कर रहे हैं।

मीडियाविजिल ने लल्लू से फोन पर बात की। अध्यक्ष पद के बारे में उन्होंने बताया कि मीडिया में खबर तो चल रही है लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। बातचीत के वक्त वे अपने गांव में थे।

 

First Published on:
Exit mobile version