विधानसभा चुनाव नफ़रत को हराने का सही मौक़ा है: राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गई। आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह “नफ़रत को हराने का सही मौक़ा है”।

दरअसल, सोमवार को राहुल ने विधानसभा चुनाव के मद्दे नज़र यह ट्वीट किया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च तक सात चरणों में होंगे। वहीं, मतगणना 10 मार्च को होगी। इन पांच राज्यों में से चार राज्यों में भाजपा और पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।

नफरती तत्वों को आगे बढ़ने से रोकिए..

राहुल गांधी ने इस ट्वीट के ज़रिए भाजपा को निशाना बनाया है। यह कोई पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने बीजेपी पर नफरत फ़ैलाने का आरोप लगाया हो। राहुल के ट्वीट को लेकर कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक अकाउंट पर भी ट्वीट करते हुए कहा गया कि

“2022 में राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव नफरत की राजनीति को हराने का एक सही मौका है। अपने कीमती वोट की शक्ति का प्रयोग कर नफरती तत्वों को आगे बढ़ने से रोकिए।”

कुछ ही दिनों में चुनाव है। हालांकि पहले से ही कांग्रेस नफरत फैलाने वाले अभियानों की आलोचना करती रही है और आरोप लगाती रही है कि इसके पीछे भाजपा का हाथ है, लेकिन अब कांग्रेस पार्टी बीजेपी पर और भी हमलावर हो गई है।

कांग्रेस, बीजेपी पर क्योंं नफरत फ़ैलाने का आरोप लगा रही..

दरअसल, इस समय “टेक फॉग” नाम का एप विवादों में है। जिसका इस्तेमाल फर्जी सूचना फैलाने जैसे कामों में किया जाता है। बताया यह जा रहा है कि चुनाव में अपने पक्ष में हवा बनाने के लिए इस ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस ऐप की बात में कितनी सच्चाई है या यह कितना झूठ है इस बारे में अभी तक कुछ साफ नहीं हो पाया है। हालांकि इसके पीछे भी बीजेपी का ही नाम आया है। यहीं कारण है की कांग्रेस देश में नफरत फैलाने के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहरा रही है। आपको बता दें कि “द वायर” ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि Tek Fog नाम का एप साइबर वर्ल्ड में नफरत फैलाने और सोशल मीडिया ट्रेंड्स से छेड़छाड़ करने में बीजेपी की मदद करता है।

“द वायर” ने सोशल मीडिया और इनक्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को हाईजैक करने के संबंध में एक पड़ताल की थी। इस संबंध में 6 जनवरी 2022 को एक रिपोर्ट भी पब्लिश की थी। इसी टेक फॉग एप को लेकर कांग्रेस बीजेपी को घेर रही है और उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस संबंध में कई ट्वीट किए है। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए कहा,

” भाजपा को पेगासस के बाद टेक फॉग का सहारा है। भाजपा लोकतंत्र पर हमला कर रही है, टेक फॉग के माध्यम से नफरत का जहर घोल रही है।

एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस की ओर से कहा गया कि

” भाजपा टेक फॉग के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाती है, नफरत फैलाती है और महिलाओं व पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणियां करती है। भाजपा के लिए टेक फॉग एक हथियार होगा, लेकिन देश के लिए टेक फॉग घातक है।”

इसके अलावा कांग्रेस ने बीजेपी पर राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा करने का आरोप लगाते हुए कहा..

“भाजपाई एजेंडा देश के सौहार्द में नफरत का जहर घोल रहा है, भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए देश को नफरत और हिंसा में झोंक रही है। भाजपा को देशवासियों के सवालों के जवाब देने होंगे।”

 

First Published on:
Exit mobile version